अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह का किया भंडाफोड़, 17 चोरी के दोपहिया वाहन बरामद

रुड़की। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देशन में वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत गंगनहर कोतवाली पुलिस ने अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे और निशानदेही पर चोरी के 17 दोपहिया वाहन बरामद किए हैं। इनमें गंगनहर कोतवाली में दर्ज चार मुकदमों और कनखल कोतवाली में दर्ज एक मुकदमे से संबंधित पांच वाहन भी शामिल हैं।

पुलिस के अनुसार, लगातार मिल रही वाहन चोरी की शिकायतों के बाद गठित टीम ने मुखबिर तंत्र, इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों और सुरागरसी के आधार पर जांच शुरू की। चेकिंग के दौरान सालियर चेक पोस्ट पर तीन संदिग्धों को रोककर पूछताछ की गई। सख्ती से पूछताछ करने पर आरोपितों ने चोरी की वारदातों का खुलासा किया और उनकी निशानदेही पर कुल 17 चोरी के दोपहिया वाहन बरामद किए गए।

जांच में सामने आया कि गिरोह हरिद्वार जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों से मोटरसाइकिल चोरी कर उन्हें रुड़की के शाहपुर क्षेत्र स्थित जियाउलहक के आम के बाग के पास एक खंडहर में छिपाकर रखता था। बरामदगी के आधार पर पुलिस ने मुकदमों में संबंधित धाराओं की बढ़ोतरी करते हुए आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। तीनों आरोपितों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है।

गिरफ्तार आरोपितों में भगवानपुर थाना क्षेत्र के छापुरशेर अफगानपुर निवासी 23 वर्षीय विपिन, कलियर थाना क्षेत्र के हबीबपुर निवादा निवासी 24 वर्षीय आशु कुमार तथा भगवानपुर थाना क्षेत्र के सिकंदरपुर निवासी 38 वर्षीय शौकीन शामिल हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *