हरिद्वार, 31 जुलाई। कांवड़ यात्रा के दौरान उत्तराखंड सरकार और हरिद्वार जिला प्रशासन की ओर से की गई व्यवस्थाओं की शिवभक्तों ने सराहना की है। विभिन्न राज्यों से हरिद्वार पहुंचे श्रद्धालुओं ने कहा कि यात्रा को सुगम, सुरक्षित और व्यवस्थित बनाने के लिए इस बार बेहतर इंतजाम किए गए हैं।
मुजफ्फरनगर से आए मांगे राम प्रजापति ने बताया कि यात्रा मार्ग पर श्रद्धालुओं की सुविधा का विशेष ध्यान रखा गया है। उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में किए गए इंतजामों की प्रशंसा करते हुए कांवड़ियों से भी प्रशासन का सहयोग करने की अपील की।
दिल्ली से पहुंचे अभिषेक गुर्जर ने कहा कि कांवड़ मार्ग पर पेयजल, चिकित्सा शिविर और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। वहीं दिल्ली के राहुल ने बताया कि कांवड़ियों की आवाजाही के लिए अलग सर्विस रोड खाली रखी गई है, जिससे यात्रा आसान और सुरक्षित हुई है।
श्रद्धालुओं ने कहा कि यात्रा मार्ग पर सुरक्षा, आवागमन और सुविधाओं को लेकर प्रशासन लगातार सक्रिय है। उन्होंने राज्य सरकार और जिला प्रशासन द्वारा किए गए प्रबंधों की सराहना करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और प्रशासन का आभार व्यक्त किया।