हरिद्वार। कांवड़ मेला-2026 के दौरान गंगा घाटों की स्वच्छता और पवित्रता बनाए रखने के लिए नगर निगम हरिद्वार ने नई पहल शुरू की है। नगर आयुक्त के निर्देश पर घाटों पर ‘स्वच्छता दूत’ तैनात किए गए हैं, जो मेगाफोन के माध्यम से श्रद्धालुओं को स्वच्छता के प्रति जागरूक कर रहे हैं।
स्वच्छता दूत श्रद्धालुओं से घाटों पर कूड़ा न फैलाने और केवल कूड़ेदानों का उपयोग करने की अपील कर रहे हैं। साथ ही गंगा में प्लास्टिक, पॉलिथीन, बोतल, बचा हुआ भोजन या अन्य कचरा नहीं डालने का संदेश दिया जा रहा है। श्रद्धालुओं से प्लास्टिक की चटाई, प्लास्टिक शीट और सिंगल यूज प्लास्टिक का इस्तेमाल न करने तथा भंडारे या भोजन वितरण के बाद पत्तल, दोने, गिलास, बोतल सहित अन्य अपशिष्ट निर्धारित कूड़ेदानों में डालने की अपील भी की जा रही है।
नगर निगम की ओर से चलाए जा रहे इस अभियान को श्रद्धालुओं का भी अच्छा सहयोग मिल रहा है। कई श्रद्धालुओं ने इस पहल की सराहना करते हुए गंगा घाटों की स्वच्छता बनाए रखने में सहयोग देने का भरोसा जताया।
अभियान के दौरान उप नगर आयुक्त दीपक गोस्वामी, मुख्य सफाई निरीक्षक संजय शर्मा, सफाई निरीक्षक अनिल कुमार, नगर निगम की टीम तथा डेवलपमेंट अल्टरनेटिव्स संस्था के स्वयंसेवी मौजूद रहे। नगर निगम ने श्रद्धालुओं से स्वच्छ, सुंदर और प्लास्टिक मुक्त हरिद्वार बनाने में सक्रिय सहभागिता की अपील की है।