हेडिंग:हरिद्वार। कांवड़ मेला-2026 के दौरान श्रद्धालुओं और कांवड़ यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए नगर निगम हरिद्वार ने मेला क्षेत्र में सार्वजनिक शौचालयों की व्यापक व्यवस्था की है। नगर निगम ने 180 अस्थायी और 120 एफआरपी (एफआरपी) शौचालय स्थापित किए हैं। इसके अलावा बैरागी कैंप, पंतद्वीप, जटवाड़ा पुल समेत कांवड़ मार्ग के प्रमुख स्थानों पर भी पर्याप्त संख्या में शौचालयों की व्यवस्था की गई है।.
नगर निगम ने नगर क्षेत्र के सभी सार्वजनिक शौचालयों में यूरिनल (मूत्रालय) का उपयोग पूरी तरह निशुल्क कर दिया है। इसके लिए सभी सार्वजनिक शौचालयों पर स्पष्ट सूचना वाले स्टिकर लगाए गए हैं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की भ्रम की स्थिति का सामना न करना पड़े। संबंधित एजेंसियों को भी इस व्यवस्था का सख्ती से पालन कराने के निर्देश दिए गए हैं।
इस बीच हरकी पैड़ी स्थित सुलभ शौचालय को लेकर सोशल मीडिया और कुछ समाचार माध्यमों में प्रसारित खबरों पर भी नगर निगम ने स्थिति स्पष्ट की है। निगम के अनुसार, जिस समय शौचालय के मुख्य द्वार पर ताला दिखाई दिया, उस समय सफाई कर्मी साफ-सफाई के लिए आवश्यक सामग्री लेने गया था। वहीं तकनीकी समस्या के कारण शौचालय को कुछ समय के लिए अस्थायी रूप से बंद किया गया था। आवश्यक कार्य पूरा होते ही शौचालय को दोबारा सामान्य रूप से संचालित कर दिया गया।