हरिद्वार। कांवड़ मेला-2026 के दौरान रविवार को जिलाधिकारी मयूर दीक्षित और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर ने शंकराचार्य चौक पर हरिद्वार से गंगाजल लेकर अपने गंतव्य की ओर जा रहे शिवभक्त कांवड़ियों का पुष्पवर्षा और फूल-मालाओं से भव्य स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने कांवड़ियों को फल और जूस वितरित कर उनकी मंगलमय एवं सुरक्षित यात्रा की शुभकामनाएं दीं।
डीएम और एसएसपी ने शिवभक्तों से बातचीत कर उनका कुशलक्षेम जाना तथा कांवड़ यात्रा के लिए की गई प्रशासनिक व्यवस्थाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि यात्रा को सुरक्षित, व्यवस्थित और सुगम बनाने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस की सभी टीमें पूरी प्रतिबद्धता और सेवाभाव से कार्य कर रही हैं, ताकि किसी भी श्रद्धालु को असुविधा का सामना न करना पड़े।
उन्होंने शिवभक्तों से यातायात नियमों का पालन करने, स्वच्छता बनाए रखने और प्रशासन-पुलिस के दिशा-निर्देशों का अनुपालन करने की अपील की। साथ ही संबंधित अधिकारियों को कांवड़ मार्ग पर पेयजल, चिकित्सा, स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था समेत सभी आवश्यक सुविधाएं लगातार सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए।