हरिद्वार। कांवड़ मेला-2026 को स्वच्छ और पर्यावरण-अनुकूल बनाने की दिशा में नगर निगम हरिद्वार ने अनूठी पहल की है। कांवड़ मार्ग पर चार स्थानों पर ‘ग्रीन चौकी’ स्थापित की गई हैं, जहां श्रद्धालुओं को सिंगल यूज़ प्लास्टिक छोड़ने के लिए प्रेरित किया जा रहा है और उसके बदले निःशुल्क कम्पोस्टेबल ग्रीन बैग दिए जा रहे हैं।
नगर निगम ने पुल जटवाड़ा, कांवड़ पटरी प्रेमनगर, ऋषिकुल और सीसीआर चौक पर ग्रीन चौकियां संचालित की हैं। यहां तैनात स्वयंसेवक श्रद्धालुओं को सिंगल यूज़ प्लास्टिक से पर्यावरण, गंगा और मानव स्वास्थ्य पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों की जानकारी दे रहे हैं। प्लास्टिक पॉलीथिन या अन्य सिंगल यूज़ प्लास्टिक लेकर आने वाले श्रद्धालुओं से उसे लेकर पर्यावरण-अनुकूल कम्पोस्टेबल बैग वितरित किए जा रहे हैं।
नगर निगम के अनुसार, ग्रीन चौकियों का उद्देश्य केवल प्लास्टिक बदलना नहीं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना भी है। श्रद्धालुओं को स्वच्छ कांवड़ यात्रा और हरित जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है, ताकि यात्रा के दौरान प्लास्टिक कचरे में कमी लाई जा सके।
अभियान से जनप्रतिनिधियों को भी जोड़ा गया है। कृष्णा नगर वार्ड के पार्षद परमिंदर सिंह गिल ने ग्रीन चौकी का निरीक्षण कर नगर निगम की पहल की सराहना की और इसे पर्यावरण संरक्षण की दिशा में अनुकरणीय कदम बताया।
नगर आयुक्त आईएएस नंदन कुमार के निर्देशन में चल रहे इस अभियान के दौरान उप नगर आयुक्त दीपक गोस्वामी, मुख्य सफाई निरीक्षक संजय शर्मा, सफाई निरीक्षक अनिल कुमार सहित नगर निगम की टीम मौजूद रही।
नगर निगम का कहना है कि यह पहल कांवड़ मेले के दौरान सिंगल यूज़ प्लास्टिक के उपयोग को कम करने के साथ-साथ लाखों श्रद्धालुओं तक पर्यावरण संरक्षण का प्रभावी संदेश पहुंचाने में अहम भूमिका निभाएगी।