17वां गणपति महोत्सव 14 सितंबर से, पीतल की प्रतिमा की होगी स्थापना

हरिद्वार। आगामी गणपति महोत्सव की तैयारियों को लेकर निर्मल गणपति संघ की विशेष बैठक आयोजित की गई। बैठक में महोत्सव को भव्य एवं दिव्य रूप से आयोजित करने पर विस्तार से चर्चा की गई।

संघ के संस्थापक अध्यक्ष राजू मनोचा ने बताया कि गत वर्षों की भांति इस वर्ष भी 17वां गणपति महोत्सव धूमधाम से मनाया जाएगा। 14 सितंबर को भगवान गणेश की पीतल की प्रतिमा की विधि-विधान से स्थापना की जाएगी। कार्यक्रम का उद्घाटन कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक और प्रदीप बत्रा करेंगे, जबकि शाम के सांस्कृतिक कार्यक्रम का शुभारंभ विधायक आदेश चौहान एवं हरिद्वार की महापौर किरण जैसल करेंगी।

उन्होंने बताया कि 14 सितंबर को आकर्षक झांकियों और बैंड-बाजों के साथ भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। इस दौरान पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए लोगों से केमिकलयुक्त प्रतिमाओं का गंगा में विसर्जन नहीं करने की अपील की जाएगी।

बैठक में निर्णय लिया गया कि भगवान गणेश की पीतल की प्रतिमा का शोभायात्रा के बाद विधिवत स्नान कराया जाएगा और फिर उसे श्री गरीबदासी सेवा आश्रम में अगले वर्ष तक श्रद्धालुओं के दर्शन के लिए स्थापित रखा जाएगा।

बैठक में समिति के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने महोत्सव को सफल बनाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर अध्यक्ष जॉनी अरोड़ा, संयोजक रमेश चंद्र जोशी, महामंत्री सुनील मनोचा, कोषाध्यक्ष संजय तनेजा सहित बड़ी संख्या में समिति के सदस्य एवं युवा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *