हरिद्वार। कांवड़ यात्रा अब अंतिम चरण में पहुंच गई है। यात्रा के अंतिम दिनों में धर्मनगरी हरिद्वार में शिवभक्तों की भीड़ लगातार बढ़ रही है। देश के विभिन्न राज्यों से श्रद्धालु गंगाजल लेने हरिद्वार पहुंच रहे हैं। इस बीच प्रशासन की ओर से की गई व्यवस्थाओं को लेकर कांवड़ यात्री संतुष्ट नजर आ रहे हैं।
हरियाणा से डाक कांवड़ लेने पहुंचे राजेश ने बताया कि बैरागी कैंप में पार्किंग की अच्छी व्यवस्था की गई है। यहां करीब पांच से छह हजार वाहनों की पार्किंग की व्यवस्था है। पार्किंग में रोशनी, पेयजल, भोजन और शौचालय की सुविधा भी उपलब्ध है। उन्होंने बेहतर व्यवस्थाओं के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताया।
राजस्थान के इंद्रेश कुमार बंसल और पंजाब के संगरूर से आए सुरेंद्रलाल ने भी प्रशासन की व्यवस्थाओं की सराहना की। उन्होंने कहा कि पार्किंग, पेयजल, मेडिकल शिविर और सफाई की व्यवस्था पहले से बेहतर है।
हरियाणा के पलवल से आए हरेंद्र ने कहा कि इस बार शौचालय साफ हैं और पेयजल की व्यवस्था भी अच्छी है। श्रद्धालुओं ने सुरक्षा, सफाई और यातायात व्यवस्था के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी सहित पुलिस-प्रशासन का आभार जताया।