4.50 करोड़ से अधिक कांवड़ियों ने किया गंगाजल लेकर प्रस्थान, डीएम-एसएसपी ने गंगा पूजन कर किया जलाभिषेक

हरिद्वार। कांवड़ यात्रा-2026 के सकुशल और निर्विघ्न संपन्न होने पर जिलाधिकारी मयूर दीक्षित और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर ने मंगलवार को हरकीपौड़ी पहुंचकर मां गंगा की पूजा-अर्चना की। इसके बाद दोनों अधिकारी पवित्र गंगाजल लेकर दक्षेश्वर महादेव मंदिर पहुंचे और भगवान दक्षेश्वर महादेव का जलाभिषेक किया।

जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने कांवड़ यात्रा के सफल आयोजन के लिए शिवभक्तों, जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, पुलिस एवं अर्द्धसैनिक बलों, मीडिया, पर्यावरण मित्रों, स्वयंसेवी संगठनों, धार्मिक संस्थाओं, साधु-संतों, व्यापारियों और स्थानीय जनता का आभार जताया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के कुशल नेतृत्व और मार्गदर्शन में सभी विभागों के आपसी समन्वय से यात्रा को सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराया गया।

उन्होंने बताया कि इस बार 4 करोड़ 50 लाख से अधिक कांवड़िए हरिद्वार से पवित्र गंगाजल लेकर सकुशल अपने गंतव्य की ओर रवाना हुए। विशाल भीड़ के बावजूद यातायात, कानून-व्यवस्था, रूट डायवर्जन, भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था को प्रभावी ढंग से संचालित किया गया।

डीएम ने एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर के नेतृत्व में पुलिस और अर्द्धसैनिक बलों के कार्यों की सराहना की। जल पुलिस ने भी गंगा घाटों और नदी क्षेत्र में लगातार निगरानी कर श्रद्धालुओं की सुरक्षा में अहम भूमिका निभाई।

स्वास्थ्य विभाग की टीम ने कांवड़ यात्रा के दौरान दो लाख से अधिक शिवभक्तों का निशुल्क उपचार किया। डीएम ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. आरके सिंह और स्वास्थ्य विभाग की टीम के प्रयासों की भी सराहना की।

उन्होंने कहा कि पर्यावरण मित्रों और सफाई कर्मियों ने दिन-रात मेहनत कर कांवड़ मार्ग, घाटों, पार्किंग और प्रमुख स्थलों पर स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखी। स्वयंसेवी संगठनों, धार्मिक संस्थाओं और साधु-संतों ने कांवड़ियों के लिए भोजन, पानी, चिकित्सा और विश्राम जैसी सुविधाओं में सहयोग दिया।

कांवड़ मेला सकुशल संपन्न होने पर श्री गंगा सभा के अध्यक्ष/राज्य मंत्री नितिन गौतम एवं अन्य पदाधिकारियों ने डीएम और एसएसपी को अंगवस्त्र भेंटकर सम्मानित किया। दक्षेश्वर महादेव मंदिर में श्री पंचायती अखाड़ा महानिर्वाणी के सचिव महंत रविंद्र पुरी महाराज ने भी दोनों अधिकारियों को अंगवस्त्र एवं पटका पहनाकर सम्मानित किया। निरंजनी अखाड़े के श्रीमहंत रविंद्र पुरी ने माला और स्मृति चिह्न भेंटकर सम्मानित किया।

इस दौरान एसपी ट्रैफिक निशा यादव, अपर जिलाधिकारी जितेंद्र कुमार, एसपी सिटी अभय प्रताप सिंह, उप जिलाधिकारी योगेश मेहरा, सीओ सिटी शिशुपाल सिंह नेगी सहित पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *