हरिद्वार। राष्ट्रीय पंजाबी महासभा के प्रदेश अध्यक्ष एवं महानगर व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष सुनील सेठी ने कहा कि महादेव के आशीर्वाद और मां गंगा की कृपा से कांवड़ मेला-2026 सकुशल संपन्न हुआ। उन्होंने मेला सकुशल संपन्न होने पर जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन, नगर निगम कर्मचारियों समेत मेले की व्यवस्थाओं में जुटे सभी विभागों और कर्मचारियों को बधाई दी।
गंगा विहार स्थित संकट मोचन हनुमान शिव मंदिर में सुनील सेठी ने परिवार सहित विधि-विधान से रुद्राभिषेक और पूजा-अर्चना की। इसके बाद श्रद्धालुओं को खीर का प्रसाद वितरित कर सभी को पवित्र श्रावण मास और शिवरात्रि की शुभकामनाएं दीं।
सुनील सेठी ने कहा कि भगवान भोलेनाथ की पूरे विश्व के साथ हरिद्वार पर विशेष कृपा है। यही कारण है कि लाखों की क्षमता वाली धर्मनगरी हरिद्वार में करोड़ों कांवड़ियों का आवागमन होने के बावजूद कांवड़ मेला हर वर्ष सकुशल संपन्न होता है। इस बार भी करोड़ों शिवभक्त हरिद्वार पहुंचे, गंगा जल भरा और अपने-अपने गंतव्य के लिए रवाना हुए।
उन्होंने कहा कि कांवड़ मेले की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए सभी विभाग अपने स्तर पर प्रयास करते हैं, लेकिन इतना विशाल आयोजन महादेव और मां गंगा की कृपा के बिना संभव नहीं है। हरिद्वार के शिव मंदिरों में भी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही और आस्था के इस महापर्व का शांतिपूर्ण ढंग से समापन हुआ।
इस अवसर पर मंदिर के महंत हरिदास जी, आचार्य सुरेश जी, रुद्र सेठी, प्रिया सेठी, लाल जी, राजेश पांडे, अमित शर्मा सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।