हरिद्वार में कांवड़ मेला संपन्न होते ही कुंभ मेला 2027 की तैयारियों ने रफ्तार पकड़ ली है। मंगलवार को बारिश के बीच मेलाधिकारी सोनिका ने अधिकारियों के साथ हर की पैड़ी समेत प्रमुख घाटों, पार्किंग स्थलों, सड़कों और संपर्क मार्गों का पैदल निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति जांचते हुए सभी विभागों को तय समयसीमा में काम पूरा करने और नियमित निगरानी के निर्देश दिए।
मेलाधिकारी ने हर की पैड़ी, कांगड़ा घाट, सर्वानंद घाट, वीआईपी घाट, भीमगोड़ा, खड़खड़ी, पंतद्वीप, चमगादड़ टापू, लालजीवाला और रोड़ी बेलवाला क्षेत्र का निरीक्षण किया। उन्होंने श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए पार्किंग, यातायात, पैदल मार्ग, प्रवेश-निकासी, बैरिकेडिंग और वैकल्पिक मार्गों की व्यवस्थाओं को समय रहते दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि कुंभ की तैयारियों में अब समय बेहद महत्वपूर्ण है। किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी निर्माण कार्य गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय में पूरे किए जाएं और विभाग नियमित रूप से प्रगति रिपोर्ट मेला प्रशासन को उपलब्ध कराएं।
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पर्याप्त सार्वजनिक शौचालय, स्वच्छता, सैनिटेशन और निर्बाध पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। सूखी नदी पर निर्माणाधीन पुल का निरीक्षण करते हुए उन्होंने कांवड़ मेला समाप्त होने के बाद काम में तेजी लाने तथा पुल से संबंधित सीवर लाइन शिफ्टिंग जल्द पूरी करने को कहा।
भीमगोड़ा क्षेत्र में काली मंदिर की पहाड़ी से होने वाले भूस्खलन का जायजा लेकर सुरक्षात्मक उपाय करने के निर्देश दिए गए। वहीं, हर की पैड़ी क्षेत्र में घाटों की मरम्मत, सुरक्षा, प्रकाश और स्वच्छता व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता देने को कहा गया। उन्होंने कहा कि हर की पैड़ी करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र है, इसलिए यहां होने वाला प्रत्येक कार्य श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और क्षेत्र की गरिमा को ध्यान में रखकर किया जाए।