देहरादून/नई दिल्ली। उत्तराखंड में सड़क कनेक्टिविटी को मजबूत करने की दिशा में केंद्र सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। केंद्रीय सड़क एवं अवसंरचना निधि (CRIF) के तहत प्रदेश में 235.42 किलोमीटर लंबी नौ सड़कों के चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण के लिए ₹297.37 करोड़ की स्वीकृति मिली है।
हरिद्वार सांसद एवं पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने स्वीकृति के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी का आभार जताया। उन्होंने कहा कि पर्वतीय राज्य में सड़कें केवल आवागमन का साधन नहीं, बल्कि विकास, पर्यटन, रोजगार, व्यापार और ग्रामीण अर्थव्यवस्था की जीवनरेखा हैं।
रावत ने कहा कि इन सड़कों के चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण से आवागमन अधिक सुगम और सुरक्षित होगा तथा दूरस्थ क्षेत्रों को बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार उत्तराखंड के विकास को लगातार प्राथमिकता दे रही है। सड़क, रेल और अन्य आधारभूत परियोजनाओं के जरिए प्रदेश में आधुनिक कनेक्टिविटी का विस्तार तेजी से हो रहा है।
उन्होंने कहा कि मजबूत सड़क नेटवर्क से स्थानीय अर्थव्यवस्था, पर्यटन और रोजगार के नए अवसरों को भी गति मिलेगी।