शहीदों के बलिदान को कभी नहीं भुलाया जाएगा: जिलाधिकारी मयूर दीक्षित

हरिद्वार। स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और शहीदों की स्मृति में 14 अगस्त को कोतवाली हरिद्वार के सामने भल्ला पार्क में शहीद दिवस कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने ध्वजारोहण कर अमर शहीद जगदीश वत्स की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित कर नमन किया।

इस अवसर पर जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम सेनानी जगदीश वत्स ने देश को आजादी दिलाने के लिए संघर्ष किया और अनेक कठिनाइयों का सामना किया। उनके बलिदान को हमेशा याद किया जाएगा। उन्होंने कहा कि देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले अमर शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता। उन्हीं के संघर्ष और त्याग के कारण आज हम स्वतंत्र भारत में सांस ले रहे हैं।

उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों का पूर्ण और प्रमाणिक इतिहास संरक्षित किया जाना जरूरी है, ताकि आने वाली पीढ़ी को उनके संघर्ष और बलिदान की सही जानकारी मिल सके। इसके लिए नगर निगम को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि शहीदों के सपनों का भारत बनाने के लिए प्रत्येक नागरिक को अपने दायित्वों का जिम्मेदारी से निर्वहन करना होगा।

जिलाधिकारी ने कांवड़ मेले के सफल आयोजन में क्षेत्रवासियों के सहयोग की सराहना करते हुए कहा कि स्थानीय लोगों के सहयोग और सुझावों से ही इतना बड़ा आयोजन सफल हो सका। आगामी कुंभ मेले को भी सभी के सुझाव और सहभागिता के साथ सफल बनाया जाएगा।

गोपाल नारसन ने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के त्याग और बलिदान को पाठ्यक्रम में शामिल किया जाना चाहिए, ताकि युवा पीढ़ी उनके संघर्ष से प्रेरणा ले सके। मुरली मनोहर ने भी स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष और योगदान की जानकारी दी।

कार्यक्रम में जिलाधिकारी ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों, उनके परिजनों और आश्रितों भारत भूषण, मुरली मनोहर, गोपाल नारसन, अनिल गिरी, मुकेश त्यागी, सुनील जोशी, बाल किशन कोरी, श्याम सुंदर सचदेवा, राजन कौशिक, रविंद्र शर्मा, शशि, सुनीता त्यागी, रीता गुलाटी, सुरेंद्र कुमार सैनी, नवीन शरण निश्चल, विशाल अग्रवाल एवं पार्षद हिमांशु गुप्ता आदि को शॉल और पुष्पमाला भेंट कर सम्मानित किया।

कार्यक्रम का संचालन रेडक्रास सचिव डॉ. नरेश चौधरी ने किया। इस दौरान सहायक नगर आयुक्त महेंद्र यादव, जिला सूचना अधिकारी रतीलाल शाह, स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजन, संबंधित अधिकारी-पदाधिकारी और स्थानीय लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *