हरिद्वार। वरिष्ठ नागरिक सामाजिक संगठन, हरिद्वार उत्तराखंड ने ज्वालापुर रेलवे अंडरपास में जलभराव की गंभीर समस्या को जिलाधिकारी के जनसुनवाई कार्यक्रम में उठाते हुए इसके स्थायी समाधान की मांग की।
संगठन ने बताया कि थोड़ी सी बारिश होते ही ज्वालापुर रेलवे अंडरपास में पानी भर जाता है। इसके अलावा रेलवे लाइनों से पानी नीचे गिरने के कारण अंडरपास में कीचड़ और पानी जमा हो जाता है, जिससे रास्ता बेहद खराब हो जाता है। ऐसे में पैदल राहगीरों और दोपहिया वाहन चालकों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
संगठन के अनुसार अंडरपास का तल समतल होने के कारण पानी उचित ढाल के अभाव में निकासी नाली तक नहीं पहुंच पाता और लंबे समय तक जमा रहता है। यह मार्ग कनखल, आर्यनगर, शारदानगर, नंदपुरी कॉलोनी सहित ज्वालापुर क्षेत्र को जोड़ता है, जिसके चलते यहां दिनभर काफी यातायात रहता है।
संगठन ने बताया कि इस समस्या को लेकर संबंधित नगर निगम अधिकारियों को कई बार प्रार्थना पत्र दिए जा चुके हैं। हर बार आश्वासन तो मिलता है, लेकिन स्थायी समाधान के लिए प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। अंडरपास के निर्माण के समय से ही जलभराव की यह समस्या बनी हुई है।
संगठन सदस्य श्री रामसागर सिंह ने हरिद्वार क्षेत्र के सभी वरिष्ठ नागरिक संगठनों की बैठक बुलाकर उनका मार्गदर्शन लेने का अनुरोध भी जिलाधिकारी से किया। इस पर जिलाधिकारी ने शीघ्र बैठक बुलाने का आश्वासन दिया।
संगठन ने जिलाधिकारी से ज्वालापुर रेलवे अंडरपास की जल निकासी व्यवस्था दुरुस्त कराने तथा समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की है, ताकि क्षेत्रीय जनता को आवागमन में हो रही परेशानी से राहत मिल सके।