गंगा घाटों और हरकी पैड़ी क्षेत्र से अतिक्रमण हटाने के निर्देश

हरिद्वार। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित की अध्यक्षता में कलक्ट्रेट सभागार, रोशनाबाद में जिला गंगा संरक्षण समिति की 76वीं बैठक आयोजित की गई। बैठक में गंगा संरक्षण, घाटों की स्वच्छता, अतिक्रमण हटाने, प्रदूषण नियंत्रण और जनजागरूकता से जुड़े विभिन्न विषयों की समीक्षा की गई।

बैठक में गंगा घाटों पर हो रहे अतिक्रमण को गंभीरता से लेते हुए नगर मजिस्ट्रेट, उप जिलाधिकारियों, एचआरडीए, पुलिस विभाग, सिंचाई विभाग हरिद्वार, सिंचाई विभाग उत्तर प्रदेश तथा नगर निगम हरिद्वार को संयुक्त रूप से अभियान चलाकर घाटों को अतिक्रमण मुक्त कराने के निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने सभी जिलास्तरीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपनी-अपनी परिसंपत्तियों पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण न होने दें। राष्ट्रीय राजमार्ग, ग्रामीण सड़क, वन भूमि, ग्राम पंचायत समेत सभी सरकारी परिसंपत्तियों पर अवैध अतिक्रमण मिलने पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। घाटों को अतिक्रमण मुक्त बनाए रखने के लिए नियमित निरीक्षण और निरंतर कार्रवाई के भी निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने कहा कि जिन संस्थाओं द्वारा गंगा घाटों का रखरखाव किया जा रहा है, उनके द्वारा मरम्मत एवं रखरखाव कार्य बेहतर ढंग से कराया जाए। इसके लिए नगर निगम को संबंधित संस्थाओं के साथ बैठक करने के निर्देश दिए गए।

उन्होंने कहा कि मां गंगा को स्वच्छ और निर्मल रखने के लिए किसी भी दशा में नालों का गंदा पानी गंगा नदी में नहीं जाना चाहिए। इसके लिए संबंधित विभाग आपसी समन्वय और गंभीरता के साथ कार्य करें। साथ ही पर्यावरण संरक्षण के लिए सिंगल यूज प्लास्टिक पर पूर्ण प्रतिबंध को प्रभावी रूप से लागू करने तथा इसका प्रयोग करने वाले दुकानदारों के खिलाफ चालानी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

बैठक में गंगा संरक्षण और स्वच्छता के प्रति जनसामान्य को जागरूक करने के लिए व्यापक अभियान चलाने पर भी जोर दिया गया। विद्यालयों, सामाजिक संस्थाओं, स्वयंसेवी संगठनों और स्थानीय नागरिकों की सहभागिता सुनिश्चित कर लोगों को गंगा को प्रदूषण मुक्त रखने के लिए प्रेरित करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में जनपद में संचालित सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) के कार्य प्रदर्शन की भी समीक्षा की गई। संबंधित अधिकारियों को गंगा की स्वच्छता और जल गुणवत्ता बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए गए।

बैठक में डीएफओ स्वप्निल अनिरुद्ध, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. लालित नारायण मिश्र, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. आरके सिंह, अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) जितेंद्र कुमार, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) वैभव गुप्ता, गंगा समिति सदस्य रामेश्वर गौड़, क्षेत्रीय अधिकारी प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड रुड़की डॉ. राजेंद्र सिंह, जिला पंचायत राज अधिकारी मोहम्मद मुस्तफा खां, सीवीओ सतीश जोशी, जिला पर्यटन अधिकारी सुशील नौटियाल, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पवन कार्की, जिला परियोजना अधिकारी नमामि गंगे सत्यदेव आर्य, असिस्टेंट इंजीनियर एचआरडीए प्रशांत सेमवाल, मुख्य सफाई निरीक्षक नगर निगम संजय शर्मा, कुलदीप सिंह रावत, हेमचंद सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *