हरिद्वार। मायापुर स्थित रामलीला मैदान में मंगलवार को निर्मल गणपति संघ की ओर से 17वें गणपति महोत्सव का भव्य शुभारंभ हुआ। महोत्सव के पहले दिन वैदिक मंत्रोच्चार, विधि-विधान और गगनभेदी जयकारों के बीच भगवान गणेश की भव्य मूर्ति की स्थापना की गई। ढोल-नगाड़ों के साथ बप्पा का स्वागत किया गया, जिससे पूरा पंडाल भक्तिमय हो उठा।
इस अवसर पर आयोजित विशेष पूजा और महाआरती में वरिष्ठ नेता मदन कौशिक सहित क्षेत्र के कई गणमान्य लोग शामिल हुए। निर्मल गणपति संघ के पदाधिकारियों के साथ समाजसेवी सुभाष चंद, विकास तिवारी, दीपक शर्मा, नवीन तेश्वर, कपिल बिश्नोई, राजू मनोचा, जोनी अरोड़ा, अनिल अरोड़ा, सुनील मनोचा, नरेश शर्मा, हिमांशु सचदेवा, गौरव गर्ग और नीरज जैन ने भगवान गणेश के चरणों में माथा टेककर क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की।
महोत्सव में महिला शक्ति और बच्चों में भी खासा उत्साह देखने को मिला। महिला मंडल से पूजा मनोचा, काजल मनोचा, आरती सिंह और तान्या मनोचा सहित कई महिलाओं ने पारंपरिक परिधानों में पहुंचकर बप्पा की आरती उतारी और मंगल गान किए।
इस दौरान श्रीमहंत रवि देव शास्त्री महाराज और पंजाबी समाज के प्रदेश अध्यक्ष एवं वरिष्ठ समाजसेवी करण मल्होत्रा ने भी भगवान गणेश का आशीर्वाद लिया और कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। संघ के पदाधिकारियों ने बताया कि महोत्सव आगामी दिनों तक धूमधाम से चलेगा। इस दौरान प्रतिदिन शाम को सांस्कृतिक कार्यक्रम, भगवान कृष्ण की रासलीला, महाआरती और छप्पन भोग का आयोजन किया जाएगा। मूर्ति स्थापना के बाद सभी श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया।