हरिद्वार। उत्तरी हरिद्वार की प्रख्यात धार्मिक संस्था श्री लाल माता मंदिर वैष्णो देवी गुफा के प्रांगण में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर पौधारोपण एवं फल वितरण का कार्य संस्था प्रबंधक भक्त दुर्गादास के संयोजन में किया गया। साथ ही आश्रम में स्थापित पीएम मोदी की माता हीराबेन मोदी की प्रतिमा का दुग्धाभिषेक भी किया गया। पौधारोपण के पश्चात उपस्थित संत समाज, श्रद्धालुजनों को सम्बोधित करते हुए भक्त दुर्गादास ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी राजनीति में सेवा व शुचिता के प्रतीक है। मुख्यमंत्री व प्रधानमंत्री के कार्यकाल में अपनी कर्मठ कार्यशैली व ईमानदारी से उन्हांेने प्रधानमंत्री पद का सम्मान बढ़ाने का कार्य किया है। उनके नेतृत्व में आज हमारा देश विकसित राष्ट्र के रूप में स्थापित होने की दिशा में कदम बढ़ा रहा है, जहां पहले अनाज भी विदेशों से आता था आज भारत पूरी दुनिया को खाद्यान्न के साथ-साथ तकनीक व हथियारों का भी निर्यात कर रहा है। वरिष्ठ भाजपा नेता अनिरूद्ध भाटी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में समाज के सभी क्षेत्रों में देश ने उल्लेखनीय प्रगति की है। खेल का मैदान हो अथवा जंग का मैदान हिन्दुस्तान का लोहा आज पूरी दुनिया मान रही है। हमारा देश विश्व महाशक्ति के रूप में पूरी दुनिया में स्थापित होने की दिशा में मजबूती से आगे बढ़ रहा है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जहां देश का सफल नेतृत्व कर रहे हैं वहीं विश्व जगत में भी उनके नेतृत्व को मान्यता मिल रही है। निश्चित रूप से उनके जन्मदिवस पर पौधारोपण का कार्य कर लाल माता मंदिर ने सराहनीय व प्रेरणादायी कार्य किया है।