स्वामी हरि बल्लभ दास शास्त्री महाराज के सानिध्य में गुजरातियों ने मनाया नववर्ष

हरिद्वार । श्री स्वामिनारायण संप्रदाय की प्रतिष्ठित संस्था श्री स्वामिनारायण आश्रम भूपतवाला में गुजराती समाज ने नववर्ष हर्षाेल्लास के साथ मनाया।

इस अवसर पर आश्रम के परमाध्यक्ष श्री स्वामी हरिबल्लभ दास शास्त्री महाराज ने गुजरात के विभिन्न शहरों से आए हुए श्रद्धालु भक्तों को संबोधित करते हुए कहा कि दीपावली माता लक्ष्मी के पूजन का पर्व है और अन्नकूट का महोत्सव भगवान श्रीकृष्ण को समर्पित है जो समाज में समरसता ईश्वर की प्रकृति के हर तत्व में सर्व व्यापकता का संदेश देती है। उन्होंने कहा कि आज ही के दिन गुजरातियों का नववर्ष भी प्रारंभ होता है इस कारण दीपावली से अगले दिन अन्नकूट महोत्सव का महत्व बढ़ जाता है।

इस मौके पर महामंडलेश्वर स्वामी अनंतानंद महाराज ने श्री स्वामी नारायण आश्रम के परमाध्यक्ष स्वामी हरिबल्लभ दास शास्त्री जी एवं उनके उत्तराधिकारी आनंद स्वरुप शास्त्री जी महाराज के प्रति मंगल कामनाएं प्रकट करते हुए कहा कि स्वामी हरिबल्लभ शास्त्री जी हरिद्वार के संत समाज में समन्वय स्थापित करने वाले संत हैं उनकी इसी समन्वयवादी सोच के चलते वह संत समाज में लोकप्रिय है। उनके शिष्य स्वामी आनंद स्वरुप शास्त्री जी महाराज भी उनके मार्ग पर चलकर युवा संतों का मार्गदर्शन कर रहे हैं।

भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता अनिरुद्ध भाटी ने श्री स्वामिनारायण आश्रम की सेवाओं की चर्चा करते हुए कहा कि स्वामीनारायण आश्रम धर्म, संस्कृति, गोवंश संवर्धन एवं संरक्षण को संबल प्रदान करता है। उनके द्वारा संचालित संस्कृत पाठशाला, गौशाला धर्म, संस्कृति और संस्कृत का प्रचार-प्रसार कर रही है। अन्नकूट महोत्सव में शामिल गुजरातियों ने भगवान स्वामिनारायण को छप्पन भोग समर्पित कर भजन कीर्तन आतिशबाजी कर नव वर्ष मनाया।

कार्यक्रम में मुख्य रूप से स्वामी रवि देव शास्त्री, स्वामी निर्मल दास, कोठारी जयेंद्र स्वामी, स्वामी धर्मानंदन, स्वामी गंगासागर, योगेश भगत, पार्षद सूरज शर्मा, समाजसेवी अमित गुप्ता, एडवोकेट अरविंद शर्मा सहित विशिष्टजन उपस्थित रहे। अन्नकूट महोत्सव के यजमान मोरबी से आए श्री हरिबल्लभ भाई सरसैया, दिल्ली से आए प्रतीक भाई चौहान, राजकोट से आए रमेश भाई चौहान ने संतजनों का स्वागत कर उनसे आशीर्वाद प्राप्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *