हरिद्वार। उत्तरी हरिद्वार में लगातार गहराते पेयजल संकट को लेकर क्षेत्रवासियों में जल संस्थान के खिलाफ भारी रोष है। महानगर व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष सुनील सेठी के नेतृत्व में स्थानीय लोगों ने विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए नाराजगी जताई।
सुनील सेठी ने आरोप लगाया कि जल संस्थान के अधिकारियों की लापरवाही के कारण जनता को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि विभाग की कार्यशैली से सरकार की छवि भी प्रभावित हो रही है। उन्होंने मुख्यमंत्री से मामले का संज्ञान लेते हुए जिम्मेदार अधिकारियों को तलब करने की मांग की।
सेठी ने बताया कि गंगा विहार, भारत माता पुरम, जसविंद्र इंक्लेव, भागीरथी नगर, गंगोत्री विहार, उत्तम बस्ती, गायत्री विहार, रानी गली, अमृत गंगा अपार्टमेंट और सत्यम विहार समेत उत्तरी हरिद्वार के कई क्षेत्रों में पिछले कई दिनों से पेयजल आपूर्ति बाधित है। कहीं 12 घंटे तो कहीं 24 से 48 घंटे तक पानी की सप्लाई प्रभावित हो रही है।
उन्होंने कहा कि लीकेज की समय पर मरम्मत नहीं की जाती और न ही पेयजल आपूर्ति बाधित होने की पूर्व सूचना दी जाती है। इससे आम लोगों को रोजाना परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
सुनील सेठी ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही पेयजल व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो जल संस्थान के खिलाफ बड़ा धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। उन्होंने विभाग से व्यवस्था दुरुस्त करने और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
इस दौरान राजेश पांडे, दीन दयाल शर्मा, अजय यादव, लाल जी यादव, मनोज मिश्रा, श्याम पांडे, पवन कुमार, अमित कुमार, अमर सिंह, अजय, परमाल शर्मा, प्रिंस, भगीरथ प्रजापति, हरिमोहन भारद्वाज, रामकेश सिंह, लाल सिंह, सचिन अग्रवाल, आशीष अग्रवाल, अमित अरोड़ा, रौनक पांडेय, भूमनेश्वर उपाध्याय और ललित अरोड़ा सहित अन्य क्षेत्रवासी मौजूद रहे।