हरिद्वार। कुंभ मेले की तैयारियों के तहत धर्मनगरी हरिद्वार का सौंदर्यीकरण किया जा रहा है। शहर की हाईवे दीवारों से लेकर चंडी देवी की पहाड़ियों तक देशभर से पहुंचे युवा कलाकार आकर्षक कलाकृतियां उकेर रहे हैं। ग्रीन कुंभ, समुद्र मंथन, रामायण, शिव लीला, हरकी पैड़ी और धार्मिक प्रसंगों पर आधारित चित्रों के माध्यम से भारतीय संस्कृति, आध्यात्मिकता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया जा रहा है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व और कुंभ मेला अधिकारी सोनिका व जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में चल रही इस पहल में एमएफए और बीएफए के छात्र-छात्राओं को अवसर दिया जा रहा है। इससे विशेष रूप से छात्राओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने और आर्थिक रूप से सशक्त बनने का मंच मिल रहा है। इस पहल से हरिद्वार की सुंदरता बढ़ने के साथ युवा कलाकारों को भी प्रोत्साहन मिलेगा।