कार्तिक पूर्णिमा स्नान पर्व: हरिद्वार में 8 जोन और 30 सेक्टरों में तैनात होंगे मजिस्ट्रेट

24 घंटे सक्रिय रहेगा कंट्रोल रूम, सुरक्षा और यातायात व्यवस्था पर रहेगी विशेष निगरानी

हरिद्वार। कार्तिक पूर्णिमा स्नान पर्व को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। 24 नवंबर को होने वाले स्नान पर्व के लिए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने जनपद को 8 जोन और 30 सेक्टरों में विभाजित कर जोनल एवं सेक्टर मजिस्ट्रेटों की तैनाती के आदेश जारी किए हैं।

सभी मजिस्ट्रेट 23 नवंबर सुबह 10 बजे से स्नान पर्व की समाप्ति तक अपने निर्धारित क्षेत्रों में तैनात रहेंगे। हरकी पैड़ी, सुभाष घाट, खड़खड़ी, अपर रोड, सिंहद्वार, मनसा देवी मंदिर सहित आठ जोन बनाए गए हैं।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को पुलिस के साथ समन्वय बनाकर भीड़ नियंत्रण, कानून व्यवस्था और यातायात सुचारू रखने के निर्देश दिए हैं। वहीं, रोशनाबाद स्थित जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण कार्यालय में 24 घंटे सक्रिय कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। इसका हेल्पलाइन नंबर 7351428593 है।

स्नान घाटों पर चिकित्सा, पेयजल, विद्युत, सफाई, अग्निशमन और सुरक्षा व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश भी संबंधित विभागों को दिए गए हैं। मनसा देवी मंदिर में ट्रॉली संचालन और पैदल मार्ग पर विशेष निगरानी रखी जाएगी।

जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि ड्यूटी में लापरवाही या अनुपस्थिति बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *