2027 चुनाव की तैयारी में जुटी भाजपा, बूथ स्तर पर संगठन मजबूत करने पर जोर

हरिद्वार। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी शनिवार को हरिद्वार में भाजपा के संयुक्त मोर्चा एवं प्रकोष्ठ पदाधिकारियों की बैठक में शामिल हुए। बैठक में आगामी 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों, संगठनात्मक मजबूती, जनसंपर्क अभियान और बूथ प्रबंधन को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि भाजपा की सबसे बड़ी ताकत उसके समर्पित और कर्मठ कार्यकर्ता हैं। बूथ स्तर पर संगठन की मजबूती ही चुनावी सफलता का आधार है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों को घर-घर तक पहुंचाने का आह्वान किया।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में डबल इंजन सरकार उत्तराखंड में सड़क, रेल, स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यटन और रोजगार के क्षेत्र में तेजी से कार्य कर रही है। राज्य सरकार ने समान नागरिक संहिता, सख्त नकल विरोधी कानून, महिलाओं को सरकारी नौकरियों में 30 प्रतिशत आरक्षण और युवाओं को रोजगार देने जैसे महत्वपूर्ण निर्णय लिए हैं। प्रदेश में 35 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी दी गई है तथा तीन लाख से अधिक महिलाएं लखपति दीदी बनी हैं।

मुख्यमंत्री ने सभी मोर्चों और प्रकोष्ठों के पदाधिकारियों से संगठनात्मक सक्रियता बढ़ाने, जनसंपर्क मजबूत करने और सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने की अपील की।

बैठक में प्रदेश प्रभारी राम माधव, प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, सह प्रभारी बांसुरी स्वराज, प्रदेश महामंत्री (संगठन) फणींद्रनाथ शर्मा सहित वरिष्ठ पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *