भाजपा के हर मोर्चे को एक लाख नए सदस्य जोड़ने का लक्ष्य

2027 चुनाव में हैट्रिक के लिए बूथ स्तर तक मजबूत होगी संगठन की रणनीति

हरिद्वार। उत्तराखंड में 2027 विधानसभा चुनाव में लगातार तीसरी बार जीत हासिल करने के लक्ष्य के साथ भाजपा ने संगठनात्मक तैयारियां तेज कर दी हैं। हरिद्वार के प्रेमनगर आश्रम में आयोजित संयुक्त मोर्चा एवं प्रकोष्ठ प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में प्रत्येक मोर्चे को एक लाख नए सदस्य जोड़ने का लक्ष्य दिया गया।

राष्ट्रीय उपाध्यक्ष एवं प्रदेश प्रभारी राम माधव, प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, सह प्रभारी बांसुरी स्वराज और अरविंद मेनन ने दीप प्रज्ज्वलित कर बैठक का शुभारंभ किया।

प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि सदस्यता अभियान को जिला, मंडल और बूथ स्तर तक पहुंचाया जाएगा। प्रत्येक मोर्चा अपने वर्ग और समाज के लोगों को पार्टी से जोड़ने के लिए सक्रिय भूमिका निभाएगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से प्रत्येक बूथ पर जीत सुनिश्चित करने के लिए पूरी ताकत से जुटने का आह्वान किया।

भट्ट ने बताया कि बैठक में पार्टी के सातों मोर्चों और 22 प्रकोष्ठों ने प्रतिभाग किया। दिसंबर अंत तक मंडल स्तर की सभी बैठकें पूरी करने का लक्ष्य रखा गया है। महिला चौपाल, नुक्कड़ सभाएं, सामाजिक संवाद और किसान सम्मेलनों के माध्यम से जनता तक पहुंच बनाई जाएगी। गढ़वाल और कुमाऊं में किसान मोर्चा के बड़े सम्मेलन भी आयोजित होंगे।

उन्होंने बताया कि आगामी दिनों में सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाने के लिए जन आशीर्वाद यात्रा निकाली जाएगी। वहीं, प्रदेश की विस्तृत कार्यसमिति की बैठक में बूथ से जिला स्तर तक चुनावी कार्यक्रमों को अंतिम रूप दिया जाएगा।

सह प्रभारी बांसुरी स्वराज ने बताया कि प्रदेश के 19 जिलों में संगठन को मजबूत करने के लिए दूसरे राज्यों से वरिष्ठ प्रवासी कार्यकर्ता जिला विस्तारक के रूप में पहुंचे हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की सरकार के विकास कार्यों के दम पर भाजपा 2027 में फिर जीत दर्ज करेगी।

बैठक में प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार, दीप्ति रावत, तरुण बंसल सहित सभी मोर्चों एवं प्रकोष्ठों के पदाधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *