काशीपुर। कबाड़ की दुकानों में चल रहे चेकिंग अभियान के दौरान कुंडा थाना क्षेत्र में पुलिस ने नकली गुटखा बनाने और सिंगल यूज प्लास्टिक बनाने की फैक्ट्री पकड़ी है । पुलिस ने यहां से 25 लाख रुपए का माल बरामद करते हुए तीन लोगों को गिरफ्तार किया है।
इस मामले का खुलासा करते हुए काशीपुर की नवनियुक्त सीओ वंदना वर्मा ने बताया कि एसएसपी मंजूनाथ टीसी के आदेश पर पूरे जनपद में कबाड़ की दुकानों की चेकिंग का अभियान चलाया जा रहा है । इसी क्रम में एसपी चंद्रमोहन सिंह के निर्देशन में कुंडा थाना प्रभारी दिनेश फर्त्याल के नेतृत्व में उप निरीक्षक राजेंद्र प्रसाद व भूमिका पांडे पुलिस बल के साथ बसई रोड स्थित एमएस प्लास्टिक फैक्ट्री को चेक किया तो गोदाम के पहले कमरे के पीछे एक बड़े कमरे में सिंगल यूज प्लास्टिक की पन्नी बनाने की फैक्ट्री चल रही थी तथा फैक्ट्री में प्लास्टिक का रोल अलग-अलग मशीनों में फीड था ।पास ही कट्टों में प्लास्टिक की पन्नियां रखी थी । पुलिस टीम ने दूसरे कमरे के अंदर देखा तो उसमें रजा चौधरी पुत्र फरमान अली निवासी बसई थाना कुंडा तथा उसके दो साथी शाने अली पुत्र शफीक निवासी चांदखेड़ी थाना डिलारी जनपद मुरादाबाद व जयपाल सिंह पुत्र निहाल सिंह निवासी ग्राम कुआं खेड़ा थाना डिलारी जनपद मुरादाबाद नामी-गिरामी कंपनियों के रैपर लगाकर नकली गुटका पैक कर रहे थे। पकड़े गए लोगों से पूछताछ की गई तो उन्होंने बताया कि वह नकली गुटखा बनाते हैं और तैयार माल को अलग-अलग कंपनियों के पेपर में भरकर सस्ते दामों में असली के रूप में बेचते हैं । मौके पर पहुंचे नायब तहसीलदार राकेश कुमार ने अवैध रूप से सिंगल यूज प्लास्टिक की पन्नी बना रही फैक्ट्री को सील कर दिया पुलिस ने यहां से करीब 25लाख रुपए का तैयार व कच्चा माल बरामद किया है । मौके पर पकड़े गए तीनों लोगों को धारा 420/272/273 /482 /483/ 120 बी तथा 63/ 65 कॉपीराइट एक्ट के तहत गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।