सनातन संस्कृति के संवाहक व संरक्षक हैं अखाड़े : मुखिया महंत भगत राम

हरिद्वार। श्री पंचायती अखाड़ा नया उदासीन (निर्वाण) ने हरिद्वार कुम्भ के साथ-साथ अगले वर्ष नासिक में होने वाले महाकुम्भ की तैयारियां भी तेज कर दी है। इसी क्रम में श्री पंचायती अखाड़ा नया उदासीन (निर्वाण) के तत्वावधान में त्रयंबकेश्वर ( नासिक ), महाराष्ट्र में अखाड़े के मुखिया महंत श्री भगत राम जी एवं श्री श्री 1008 महामंडलेश्वर श्री करौली शंकर दास जी महाराज ने बड़े ही हर्षाेल्लास से जगद्गुरु भगवान श्री चंद्र जी के भव्य मंदिर के निर्माण हेतु विधि-विधान से भूमि पूजन एवं शिलान्यास किया।

इस अवसर पर संतजनों व गणमान्यजनों को सम्बोधित करते हुए मुखिया महंत श्री भगत राम जी महाराज ने कहा कि अखाड़े भारतीय संस्कृति व हिन्दू धर्म के संवाहक व संरक्षक हैं। देशभर में श्री पंचायती अखाड़ा नया उदासीन (निर्वाण) के संरक्षण में सैकड़ों धर्मस्थल व सेवा प्रकल्प संचालित हो रहे हैं। इसी क्रम में अगले वर्ष नासिक में होने वाले महाकुम्भ के दृष्टिगत त्रयंबकेश्वर में भगवान श्री श्री चन्द्र के दिव्य व भव्य मंदिर का निर्माण प्रारम्भ किया गया है।

श्री श्री 1008 म.मं. श्री करौली शंकर दास जी महाराज ने कहा कि जनवरी से हरिद्वार में होने वाला कुम्भ पर्व व उसके पश्चात नासिक में महाकुम्भ का आयोजन निश्चित रूप से सनातन संस्कृति के लिए गौरव का पल होगा। उन पलों को अविस्मरणीय बनाने के लिए हरिद्वार व नासिक में श्री पंचायती अखाड़ा नया उदासीन (निर्वाण) विशेष आयोजन व सेवा प्रकल्पों का संचालन करेगा।

मुख्य सेवक नितिन दास जी ने कहा कि त्रयंबकेश्वर में भगवान श्री श्री चन्द्र जी का भव्य मंदिर जहां श्रद्धालुओं की आस्था का केन्द्र बनेगा वहीं दूसरी ओर उदासीन सम्प्रदाय का आस्था के स्रोत के रूप में स्थापित होगा।

इस अवसर पर अखाड़े के सचिव जगतार मुनि जी एवं अध्यक्ष धुनी दास जी ने मुखिया महंत जी और महामंडलेश्वर जी को इस पुनीत कार्य के लिए शुभकामनाएं प्रेषित कीं। कार्यक्रम में मुकामी महंत गोपाल दास जी, बुद्ध मुनि जी, खड़ेश्वर बाबा, रामदास जी (जालंधर), मौलेंद्र दास, परमेश्वर दास, आशुतोष मुनि, मुख्य सेवक नितिन दास जी, मनीष दास जी और शैलेश पटेल सहित कई गणमान्य संतों और सेवकों ने सक्रिय सहभागिता की।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *