बहुद्देशीय शिविर में 520 नागरिकों ने उठाया योजनाओं का लाभ, 210 लाभार्थी हुए लाभान्वित

मंगलौर नगर पालिका परिषद में सेवा संकल्प अभियान ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ के अंतर्गत राज्य मंत्री देशराज कर्णवाल की अध्यक्षता में बहुद्देशीय शिविर आयोजित किया गया। शिविर में 25 विभागों ने स्टॉल लगाकर लोगों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। शिविर में 520 नागरिकों ने प्रतिभाग किया, जबकि 210 लाभार्थियों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया।

राज्य मंत्री देशराज कर्णवाल ने कहा कि प्रदेश सरकार का उद्देश्य जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाना है। इन शिविरों के माध्यम से लोगों को अपने क्षेत्र में ही सरकारी सेवाओं का लाभ मिल रहा है। उन्होंने अधिकारियों को प्राप्त शिकायतों और आवेदनों का निर्धारित समयसीमा में निस्तारण करने तथा पात्र लोगों को योजनाओं से जोड़ने के निर्देश दिए।

ज्वाइंट मजिस्ट्रेट दीपक रामचंद्र सेठ ने कहा कि नागरिकों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाएगा और विभागीय समन्वय से योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाया जाएगा।

शिविर में कुल 17 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 14 का मौके पर निस्तारण किया गया। शेष शिकायतें संबंधित अधिकारियों को भेजी गईं। इसके अलावा नौ लोगों को विभिन्न प्रमाणपत्र वितरित किए गए।

इस अवसर पर भाजपा रुड़की जिलाध्यक्ष डॉ. मधु सिंह, नगर पालिका परिषद मंगलौर के अध्यक्ष मोहयुद्दीन, मंडल अध्यक्ष शोभित गुप्ता, सभासद कलीम और विपिन जैन, सहसंयोजक जमीर हसन अंसारी, अधिशासी अधिकारी उत्तम सिंह नेगी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि और क्षेत्रीय नागरिक मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *