हरिद्वार। नेशनलिस्ट यूनियन ऑफ जर्नलिस्ट्स (एनयूजे) की हरिद्वार इकाई की बैठक में संगठन को मजबूत बनाने और पत्रकार हित से जुड़े कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। बैठक की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष विक्रम सिंह सिद्धू ने की, जबकि संचालन जिला महासचिव नवीन चंद्र पांडे ने किया।
बैठक में संगठन के विस्तार, एकजुटता और सशक्तीकरण पर चर्चा हुई। पत्रकारों के हित में जिला स्तर पर संगठन का बैंक खाता खोलने तथा किसी सदस्य के गंभीर रूप से बीमार होने की स्थिति में विशेष परिस्थितियों में त्वरित चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने के प्रस्ताव पर सहमति बनी। साथ ही लोकपर्व हरेला के अवसर पर पौधारोपण अभियान चलाने का भी निर्णय लिया गया।
प्रदेश कोषाध्यक्ष प्रमोद कुमार पाल ने संगठन की मजबूती और पत्रकारों की एकजुटता पर जोर दिया। बैठक में वरिष्ठ पत्रकार सूर्या सिंह राणा, गणेश भट्ट, प्रभाष भटनागर, धीरेंद्र सिंह रावत, धर्मेंद्र कुमार, मुदस्सिर मसूरी, भगवती प्रसाद गोयल और त्रिलोक चंद्र भट्ट सहित अन्य पत्रकार उपस्थित रहे।