हरिद्वार। भारतीय जनता पार्टी की ओर से रविवार को रानीपुर विधानसभा क्षेत्र में प्रबुद्ध वर्ग सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में चिकित्सक, शिक्षाविद, इंजीनियर, अधिवक्ता, पूर्व सैन्य अधिकारी, साहित्यकार और सामाजिक कार्यकर्ताओं सहित विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े बुद्धिजीवियों ने भाग लिया।
सम्मेलन को संबोधित करते हुए रानीपुर विधायक आदेश चौहान ने कहा कि प्रबुद्ध वर्ग समाज की रीढ़ होता है और जनमत निर्माण में इसकी महत्वपूर्ण भूमिका रहती है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने विकास के नए आयाम स्थापित किए हैं और विकसित भारत-2047 के लक्ष्य की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने प्रबुद्धजनों से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया।
जिला महामंत्री संजीव चौधरी ने केंद्र और राज्य सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सरकार की बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि आर्थिक और आधारभूत ढांचे के विकास के साथ-साथ राष्ट्रीय सुरक्षा, कूटनीति और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के क्षेत्र में भी महत्वपूर्ण कार्य हुए हैं।
सम्मेलन में उपस्थित प्रबुद्ध नागरिकों ने देश और क्षेत्र के विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर अपने सुझाव रखे। भाजपा पदाधिकारियों ने सुझावों को संगठन और नीति निर्माण तक पहुंचाने का आश्वासन दिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता भेल से सेवानिवृत्त मानव संसाधन महाप्रबंधक एस.के. अग्रवाल ने की।
इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष विपिन शर्मा, वरुण वशिष्ठ, अशोक मेहता, आशीष झा, संदीप राठी, वरिष्ठ अधिवक्ता राजकुमार, तरसेम सिंह चौहान, गौरव कपिल, शशिभूषण पांडेय, सुभाष मलिक, डॉ. रोहित सिंघल, बबीता योगाचार्य, मानवेंद्र पाठक, विकास जैन समेत बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।