हरिद्वार। भारतीय जनता पार्टी की ओर से रविवार को मध्य हरिद्वार स्थित वैभव ग्रैंड होटल में प्रबुद्ध जन संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह ने विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े बुद्धिजीवियों, शिक्षाविदों, चिकित्सकों, उद्योगपतियों, अधिवक्ताओं और सामाजिक कार्यकर्ताओं के साथ संवाद किया।
अरुण सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 12 वर्षों में देश ने विकास, सुशासन, आत्मनिर्भरता और वैश्विक प्रतिष्ठा के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचा है। उन्होंने गरीबी उन्मूलन, आवास, आयुष्मान भारत, मुद्रा योजना, महिला सशक्तीकरण, डिजिटल भुगतान और बुनियादी ढांचे के विकास को सरकार की प्रमुख उपलब्धियां बताया।
उन्होंने कहा कि भारत आज विश्व की प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं में शामिल है और सड़क, रेल, हवाई अड्डों, बंदरगाहों तथा डिजिटल नेटवर्क के विस्तार में तेजी आई है। कोरोना महामारी के दौरान भारत ने अपने नागरिकों के साथ अन्य देशों की भी सहायता की।
कार्यक्रम में उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक ने कहा कि विकसित भारत-2047 का लक्ष्य देशवासियों का सामूहिक संकल्प है, जिसकी सफलता में समाज के सभी वर्गों की सहभागिता आवश्यक है। उन्होंने प्रबुद्ध जनों से इस संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।
भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष एवं हरिद्वार जिला प्रभारी अनिल गोयल ने कहा कि केंद्र सरकार के नेतृत्व में सांस्कृतिक विरासत संरक्षण, राष्ट्रीय सुरक्षा, आर्थिक सुधार और सामाजिक समरसता के क्षेत्र में महत्वपूर्ण कार्य हुए हैं।
संवाद कार्यक्रम में उपस्थित प्रबुद्ध जनों ने विभिन्न विषयों पर अपने सुझाव भी रखे। भाजपा नेताओं ने सुझावों का स्वागत करते हुए समाज के विभिन्न वर्गों के साथ निरंतर संवाद बनाए रखने की बात कही।
कार्यक्रम में पूर्व कुलपति प्रो. दिनेश चंद्र शास्त्री, भाजपा जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा, प्रदेश सह मीडिया प्रभारी विकास तिवारी, जिला महामंत्री हीरा सिंह बिष्ट, राजकुमार अरोड़ा, राजेश शर्मा, दीपांशु विद्यार्थी, तरुण नैयर, प्रशांत शर्मा, राजेंद्र कटारिया, किशन बजाज, तुषांक भट्ट, संदीप गोयल, कामिनी सडाना, मृदुला शास्त्री, पारुल चौहान सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।