जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र की अध्यक्षता में विकास भवन सभागार में ज्ञान भारत मिशन के तहत बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद में उपलब्ध प्राचीन पांडुलिपियों के सर्वेक्षण, पंजीकरण, संरक्षण और डिजिटाइजेशन को लेकर संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि ज्ञान भारत मिशन का उद्देश्य देश की प्राचीन ज्ञान परंपरा का संरक्षण और डिजिटाइजेशन कर उसे जनसुलभ बनाना है। उन्होंने सार्वजनिक व निजी पुस्तकालयों, शिक्षण संस्थानों, धार्मिक स्थलों, आश्रमों, मठों और गुरुद्वारों में उपलब्ध पांडुलिपियों का समयबद्ध सर्वेक्षण कराने के निर्देश दिए।
बैठक में आमजन, धार्मिक संस्थाओं, शिक्षण संस्थानों और सामाजिक संगठनों से अपील की गई कि यदि उनके पास प्राचीन पांडुलिपियां, हस्तलिखित ग्रंथ या दुर्लभ ज्ञान सामग्री उपलब्ध है तो उसकी जानकारी संबंधित अधिकारियों को उपलब्ध कराएं, ताकि उनका वैज्ञानिक तरीके से संरक्षण और डिजिटाइजेशन किया जा सके। जिला पर्यटन अधिकारी ने बताया कि पंजीकृत पांडुलिपियों को GYAN BHARATAM ऐप और पोर्टल के माध्यम से डिजिटाइज किया जाएगा।