भारी बारिश को लेकर डीएम अलर्ट, कांवड़ियों से गंगा घाटों पर सतर्कता बरतने की अपील

हरिद्वार। जनपद में हो रही भारी वर्षा के मद्देनजर जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने डाक कांवड़ियों और श्रद्धालुओं से गंगा घाटों पर विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। उन्होंने यात्रियों से मौसम की स्थिति को देखते हुए सुरक्षित स्थानों पर रहने और प्रशासन-पुलिस के सुरक्षा निर्देशों का पालन करने को कहा है।

डीएम ने गंगा घाटों पर तैनात पुलिस, सुरक्षा बलों और संबंधित अधिकारियों को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि भारी बारिश के चलते गंगा का जलस्तर बढ़ने या तेज बहाव की स्थिति में श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। संवेदनशील और जोखिम वाले स्थानों पर लगातार निगरानी रखी जाए और जरूरत पड़ने पर श्रद्धालुओं को तत्काल सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जाए।

उन्होंने डाक कांवड़ यात्रियों से अपील की कि भारी बारिश के दौरान गंगा में स्नान करने और तेज बहाव वाले क्षेत्रों में जाने से बचें। साथ ही प्रशासन और पुलिस की ओर से जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करें।

जिलाधिकारी ने जलभराव वाले क्षेत्रों में तत्काल जल निकासी की कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए हैं। उन्होंने कहा कि जलभराव की सूचना मिलते ही संबंधित अधिकारी मौके पर पहुंचकर कार्रवाई करें, ताकि आमजन और कांवड़ यात्रियों को परेशानी न हो।

डीएम ने निर्देश दिए कि भारी बारिश के कारण किसी भी क्षेत्र में घटना होने पर इसकी सूचना तत्काल कंट्रोल रूम को दी जाए, ताकि राहत और बचाव कार्य बिना देरी शुरू किए जा सकें। उन्होंने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ पूरी तरह अलर्ट रहने के निर्देश दिए हैं। प्रशासन की ओर से कांवड़ यात्रा मार्गों, गंगा घाटों और संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार निगरानी की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *