हरिद्वार। डाक कांवड़ यात्रा के दौरान सोमवार को हरकी पैड़ी समेत गंगा घाटों पर शिवभक्तों की भारी भीड़ उमड़ी। भारी बारिश के बावजूद कांवड़ियों का उत्साह और आस्था देखते ही बनी रही। श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट रहा।
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने भारी बारिश के बीच जीरो ग्राउंड पर शंकराचार्य चौक पहुंचकर डाक कांवड़ियों के लिए की गई सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने गंगा घाटों और कांवड़ यात्रा मार्ग पर तैनात पुलिस एवं सुरक्षा बलों तथा संबंधित अधिकारियों को पूरी सतर्कता के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए।
डीएम ने कहा कि बड़ी संख्या में शिवभक्त गंगाजल लेने हरिद्वार पहुंच रहे हैं। सभी कांवड़ यात्रियों की यात्रा सकुशल संपन्न कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों और सुरक्षाबलों को संवेदनशीलता के साथ दायित्वों का निर्वहन करने तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कांवड़ियों से भी भारी बारिश के दौरान गंगा घाटों पर विशेष सावधानी बरतने और प्रशासन की ओर से जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करने की अपील की।
इस दौरान डीएम ने भगत सिंह चौक, चंद्राचार्य चौक समेत जलभराव वाले क्षेत्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को तत्काल जल निकासी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि कांवड़ यात्रियों और स्थानीय लोगों को परेशानी न हो। संवेदनशील स्थानों पर लगातार निगरानी रखने के भी निर्देश दिए गए हैं।