हरिद्वार। कांवड़ मेला-2026 में आस्था का जनसैलाब लगातार बढ़ता जा रहा है। मेले के आठवें दिन गुरुवार को 39 लाख 15 हजार शिवभक्त हरिद्वार से पवित्र गंगाजल लेकर अपने-अपने गंतव्य की ओर रवाना हुए। इसके साथ ही यात्रा शुरू होने से अब तक 2 करोड़ 19 लाख 70 हजार श्रद्धालु गंगाजल लेकर विभिन्न राज्यों के लिए प्रस्थान कर चुके हैं।
मेला कंट्रोल रूम में स्थापित पुलिस कंट्रोल रूम से प्राप्त आंकड़ों के अनुसार, श्रद्धालुओं की लगातार बढ़ती संख्या को देखते हुए जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं को और सुदृढ़ किया है। प्रमुख स्नान घाटों, कांवड़ मार्गों और संवेदनशील स्थानों पर सुरक्षा, यातायात, स्वास्थ्य, स्वच्छता तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।
प्रशासन का कहना है कि कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सुचारु बनाए रखने के लिए सभी विभागों के अधिकारी और कर्मचारी लगातार अपने दायित्वों का निर्वहन कर रहे हैं। श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि वे निर्धारित मार्गों का पालन करें, प्रशासन एवं पुलिस द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का अनुपालन करें तथा सुरक्षित एवं स्वच्छ कांवड़ यात्रा के संचालन में सहयोग दें।