हरिद्वार। कांवड़ मेला-2026 के दौरान शिवभक्तों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए स्वास्थ्य विभाग लगातार सक्रिय है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन में कांवड़ पटरी मार्ग सहित 32 स्थानों पर स्वास्थ्य शिविर संचालित किए जा रहे हैं, जहां अस्वस्थ होने या चोट लगने पर श्रद्धालुओं का तत्काल निशुल्क उपचार किया जा रहा है।
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. आर.के. सिंह ने बताया कि गुरुवार को कांवड़ यात्रा के आठवें दिन विभिन्न स्वास्थ्य शिविरों में 20,850 शिवभक्तों का निशुल्क उपचार किया गया। इसके साथ ही यात्रा शुरू होने से अब तक 1 लाख 8 हजार 417 श्रद्धालुओं को मुफ्त चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा चुकी है।
उन्होंने बताया कि इस बार कांवड़ यात्रा में पहली बार पांच मेडिकल मोबाइल यूनिट (एमएमयू) भी तैनात की गई हैं, जो विभिन्न स्थानों पर पहुंचकर शिवभक्तों को तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध करा रही हैं।
मुख्य चिकित्साधिकारी ने श्रद्धालुओं से यात्रा के दौरान पर्याप्त मात्रा में पानी पीने, समय-समय पर विश्राम करने तथा किसी भी प्रकार की स्वास्थ्य समस्या होने पर निकटतम स्वास्थ्य शिविर में पहुंचकर चिकित्सकीय परामर्श और उपचार लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को सुरक्षित, सुगम और बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार कार्य कर रहे हैं।