हरिद्वार। लक्सर क्षेत्र में अवैध खनन की जांच कर रही माइनिंग टीम पर जानलेवा हमला करने के मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। घटना के बाद से सभी आरोपी फरार चल रहे थे। पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है।
पुलिस के अनुसार 13 जुलाई को माइनिंग टीम के फील्ड इंचार्ज ने कोतवाली लक्सर में शिकायत दर्ज कराई थी कि ग्राम मुंडाखेड़ा में जांच के दौरान कुछ लोगों ने टीम पर जान से मारने की नीयत से हमला कर दिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी के निर्देश पर विशेष पुलिस टीम गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई।
लगातार छापेमारी के बाद पुलिस ने 21 जुलाई को दीपक कुमार निवासी रायसी, सारुन निवासी केडी खुर्द, रामू निवासी कंकरखाता और हरविंद्र निवासी मुंडाखेड़ा खुर्द को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।