हरिद्वार। रानीपुर कोतवाली पुलिस और सीआईयू की संयुक्त टीम ने अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनकी निशानदेही पर हरिद्वार और उत्तर प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से चोरी की गई 25 मोटरसाइकिलें और वाहन पार्ट्स बरामद किए गए हैं। आरोपियों में एक मोटर मैकेनिक है, जो चोरी की बाइक नहीं बिकने पर उसके पार्ट्स निकालकर बेच देता था।
पुलिस के अनुसार रानीपुर क्षेत्र में लगातार हो रही दोपहिया वाहन चोरी की घटनाओं के बाद एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर के निर्देश पर प्रभारी निरीक्षक मनोहर सिंह भंडारी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थलों का निरीक्षण, सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई। मंगलवार को नहर पटरी से जमालपुर जाने वाले कच्चे रास्ते के पास से बिजनौर निवासी भव्य उर्फ भोला (18) और सुधीर कुमार (22) को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की एक मोटरसाइकिल बरामद की गई।
पूछताछ में आरोपियों ने हरिद्वार, ऋषिकेश और बिजनौर समेत कई क्षेत्रों से मोटरसाइकिल चोरी करने की बात स्वीकार की। उन्होंने बताया कि चोरी की बाइक सस्ते दामों में बेच देते थे और जो वाहन नहीं बिकते थे, उनके पार्ट्स अलग-अलग बेचकर मुनाफा कमाते थे। दोनों ने चोरी की कई मोटरसाइकिलें दादूपुर गोविंदपुर स्थित एक खंडहर में छिपाकर रखी थीं।
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने खंडहर में छापेमारी कर 24 अन्य मोटरसाइकिलें और वाहन पार्ट्स बरामद किए। बरामद वाहनों में रानीपुर, ज्वालापुर, नगर कोतवाली, सिडकुल, मंगलौर और उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले से चोरी की गई बाइक शामिल हैं। पुलिस के अनुसार एक आरोपी पहले भी बिजनौर में वाहन चोरी के मामले में जेल जा चुका है। बरामद अन्य वाहनों के संबंध में भी जांच की जा रही है।