राष्ट्रपति भवन के ‘एट होम’ समारोह में उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व करेंगी गर्विता भाकुनी

देहरादून। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर 15 अगस्त को राष्ट्रपति भवन में आयोजित होने वाले ‘एट होम’ रिसेप्शन के लिए अल्मोड़ा की गर्विता भाकुनी का चयन हुआ है। वह उत्तराखंड की ओर से इस प्रतिष्ठित समारोह में शामिल होंगी। देशभर से केवल पांच युवा आपदा मित्र कैडेट्स का चयन किया गया है।

गर्विता राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी) की युवा आपदा मित्र कैडेट हैं। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उन्हें बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि उत्तराखंड के युवाओं की सेवा भावना, अनुशासन और आपदा प्रबंधन के प्रति प्रतिबद्धता का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षित युवा आपदा के समय राहत एवं बचाव कार्यों में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

सचिव आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास विनोद कुमार सुमन ने बताया कि एनडीएमए के सहयोग से संचालित युवा आपदा मित्र योजना के तहत उत्तराखंड में 4,310 युवाओं को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इनमें से करीब 2,700 युवाओं को खोज एवं बचाव, प्राथमिक उपचार, निकासी और आपदा जोखिम न्यूनीकरण का प्रशिक्षण दिया जा चुका है।

गर्विता भाकुनी ने कहा कि राष्ट्रपति भवन में उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व करना उनके लिए गर्व की बात है। उन्होंने भविष्य में भी आपदा प्रबंधन और जनसेवा के क्षेत्र में सक्रिय रहने तथा अन्य युवाओं को भी इस अभियान से जोड़ने की बात कही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *