लगातार बारिश से हरिद्वार में हाई अलर्ट, डीएम ने सभी अधिकारियों को सतर्क रहने के दिए निर्देश

हरिद्वार। जनपद में लगातार हो रही बारिश को देखते हुए जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने सभी जिला स्तरीय अधिकारियों, उप जिलाधिकारियों और तहसीलदारों को अपने-अपने क्षेत्रों में अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि जलभराव, सड़क अवरुद्ध होने, भवन क्षति या किसी भी आपदा की स्थिति में संबंधित अधिकारी तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू करते हुए इसकी सूचना बिना देरी जिला आपदा नियंत्रण कक्ष को उपलब्ध कराएं।

डीएम ने निर्देश दिए कि तहसील स्तर पर स्थापित आपदा नियंत्रण कक्षों में तैनात कार्मिक पूरी तरह सतर्क रहें और प्राप्त होने वाली प्रत्येक सूचना पर तुरंत कार्रवाई सुनिश्चित करें। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी को भी निर्देशित किया गया है कि किसी भी क्षेत्र से आपदा संबंधी सूचना मिलते ही संबंधित विभागों को तत्काल अवगत कराकर राहत एवं बचाव दलों को प्रभावित क्षेत्रों में रवाना किया जाए।

जिलाधिकारी ने बताया कि वह स्वयं जिला आपदा नियंत्रण कक्ष के माध्यम से जिले में बारिश की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं और अधिकारियों से नियमित जानकारी लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर रहे हैं। उन्होंने सभी अधिकारियों को किसी भी प्रकार की लापरवाही से बचने तथा जनहित और जनसुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *