हरिद्वार। मेलाधिकारी श्रीमती सोनिका ने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के अधिकारियों के साथ बैठक कर कुंभ क्षेत्र में चल रहे सभी निर्माण कार्य निर्धारित समयसीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कार्यों की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताते हुए संसाधन और वाहनों की संख्या बढ़ाकर निर्माण कार्यों में तेजी लाने को कहा।
एचआरडीए सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में हरिद्वार बाईपास-रिंग रोड, दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर के हरिद्वार स्पर, हरिद्वार-नगीना मार्ग तथा प्रमुख चौराहों के सुधार कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई। मेलाधिकारी ने कहा कि निर्माण कार्यों के कारण कई स्थानों पर यातायात प्रभावित हो रहा है, जिसे जल्द से जल्द सुधारना आवश्यक है।
उन्होंने आगामी कांवड़ यात्रा और कुंभ मेले को देखते हुए जगजीतपुर व बहादराबाद क्षेत्र के कार्यों को प्राथमिकता से पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही राष्ट्रीय राजमार्गों पर सुरक्षा प्रबंध मजबूत करने, दुर्घटना संभावित स्थलों का सुधार, सौंदर्यीकरण, हरित आवरण बढ़ाने तथा पैदल यात्रियों की सुविधाएं सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।
बैठक में जिलाधिकारी श्री मयूर दीक्षित ने स्पष्ट किया कि कांवड़ यात्रा के दौरान निर्माण कार्यों के कारण किसी भी प्रकार की अव्यवस्था होने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी। उन्होंने सभी आवश्यक सुरक्षा और यातायात प्रबंधन कार्य समय रहते पूर्ण करने के निर्देश दिए।
बैठक में एसएसपी (कुंभ) आयुष अग्रवाल सहित विभिन्न विभागों और एनएचएआई के अधिकारी उपस्थित रहे।