जल-बिजली संकट से उत्तरी हरिद्वार की जनता परेशान, विभागों के खिलाफ सड़क पर उतरने की चेतावनी

हरिद्वार। उत्तरी हरिद्वार में जल संस्थान और विद्युत विभाग की लापरवाही से क्षेत्रवासी परेशान हैं। गंगा विहार, भारत माता, जसविंद्र, गंगोत्री विहार, भागीरथी नगर और सप्तसरोवर सहित कई क्षेत्रों में पिछले 24 घंटे से पानी की आपूर्ति बाधित है, वहीं कई घंटों से बिजली गुल होने के कारण लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

महानगर व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष सुनील सेठी ने जिलाधिकारी से दोनों विभागों के जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि उत्तरी हरिद्वार में पानी की समस्या अब रोजमर्रा की परेशानी बन गई है। कभी बिना सूचना के पानी की आपूर्ति बंद कर दी जाती है तो कभी विद्युत सप्लाई बाधित रहती है। विकास कार्यों के दौरान बिना उचित रोडमैप के पेयजल लाइनों को क्षतिग्रस्त कर दिया जाता है, जिन्हें ठीक करने में 48 घंटे तक लग जाते हैं।

सेठी ने कहा कि विभागों की कार्यशैली का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि 24 घंटे से पानी की आपूर्ति बाधित होने के बावजूद कोई जिम्मेदार अधिकारी फोन पर जवाब देने को तैयार नहीं है। न तो लोगों को समस्या की पूर्व सूचना दी जाती है और न ही यह बताया जाता है कि पानी और बिजली की आपूर्ति कब तक बहाल होगी। इससे व्यापारी, स्थानीय निवासी और श्रद्धालु सभी परेशान हैं।

उन्होंने जिला प्रशासन से दोनों विभागों के अधिकारियों की जवाबदेही तय कर व्यवस्था में सुधार कराने की मांग की। साथ ही चेतावनी दी कि यदि जल्द ही समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो जल संस्थान और विद्युत विभाग के कार्यालयों पर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा।

इस दौरान राजेश पांडे, भगीरथ प्रजापति, हरिमोहन भारद्वाज, लालजी यादव, अमित अरोड़ा, राकेश सिंह, एसएन तिवारी, अनिल तिवारी, अमृत पाल, रोहित अरोड़ा, अनिल कोरी, सचिन अग्रवाल और आशीष अग्रवाल मौजूद रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *