जनगणना-2027 की तैयारियों को लेकर जिलाधिकारी ने की बैठक

हरिद्वार। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने कलेक्ट्रेट सभागार में जनगणना-2027 के द्वितीय चरण की तैयारियों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समयसीमा में कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने बताया कि 16 से 30 नवंबर 2026 तक स्वगणना (सेल्फ एन्यूमरेशन) की प्रक्रिया संचालित होगी। इसमें नागरिक स्वयं अपने परिवार से संबंधित 40 प्रश्नों के उत्तर ऑनलाइन दर्ज कर सकेंगे।

प्रथम चरण में जनपद के लगभग 9 हजार नागरिकों ने स्वगणना में भाग लिया था। इस बार प्रशासन ने 30 हजार से अधिक नागरिकों की सहभागिता का लक्ष्य निर्धारित किया है।

लक्ष्य प्राप्त करने के लिए सरकारी कार्यालयों, विद्यालयों, अस्पतालों, रेलवे स्टेशनों एवं बस अड्डों पर प्रचार-प्रसार के साथ सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से जागरूकता अभियान चलाया जाएगा।

जिलाधिकारी ने जनपदवासियों से अपील की कि वे निर्धारित अवधि में स्वयं स्वगणना करें और परिवार एवं आसपास के लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करें।

बैठक में मुख्य नगर आयुक्त नंदन कुमार, सीडीओ डॉ. ललित नारायण मिश्र, एडीएम वैभव गुप्ता सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *