पत्रकार सुरक्षा कानून लागू करने की मांग, मुख्यमंत्री के नाम डीएम को सौंपा ज्ञापन

उत्तराखंड पत्रकार यूनियन बोली- पत्रकारों के साथ अभद्रता रोकने को बने सख्त कानून

हरिद्वार। उत्तराखंड पत्रकार यूनियन की हरिद्वार इकाई ने पत्रकार सुरक्षा कानून लागू करने की मांग को लेकर मुख्यमंत्री के नाम जिलाधिकारी मयूर दीक्षित को ज्ञापन सौंपा। यूनियन पदाधिकारियों ने कहा कि पत्रकारों के साथ अभद्रता, धमकी और कार्य में बाधा जैसी घटनाएं बढ़ रही हैं। ऐसे में पत्रकारों को सुरक्षित और निष्पक्ष वातावरण उपलब्ध कराने के लिए प्रदेश में शीघ्र पत्रकार सुरक्षा कानून लागू किया जाए।

जिलाध्यक्ष प्रमोद गिरि ने कहा कि पत्रकार लंबे समय से सुरक्षा कानून की मांग कर रहे हैं। सरकार को जल्द निर्णय लेकर पत्रकारों को कानूनी संरक्षण देना चाहिए। प्रेस क्लब के पूर्व महामंत्री अश्वनी अरोड़ा और महामंत्री महावीर नेगी ने हाल ही में जिला खान अधिकारी और फोटो पत्रकार ठाकुर रविंद्र सिंह के बीच हुई घटना का उल्लेख करते हुए भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी करने की मांग की।

वरिष्ठ पत्रकार रूपेश वालिया ने जिला सूचना अधिकारी की पहल पर पत्रकारों और प्रशासनिक अधिकारियों की नियमित संयुक्त बैठक कराने का सुझाव दिया। पूर्व जिलाध्यक्ष ठाकुर रविंद्र सिंह ने कहा कि पत्रकार लोकतंत्र के चौथे स्तंभ हैं और उनके सम्मान, सुरक्षा तथा स्वतंत्र कार्य वातावरण की रक्षा सरकार और प्रशासन की जिम्मेदारी है।

ज्ञापन सौंपने वालों में जिलाध्यक्ष प्रमोद गिरि, महामंत्री महावीर नेगी, पूर्व जिलाध्यक्ष ठाकुर रविंद्र सिंह, अश्वनी अरोड़ा, रूपेश वालिया सहित बड़ी संख्या में पत्रकार मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *