मानसून की दस्तक के साथ सक्रिय हुआ नगर निगम, जलभराव रोकने को शुरू कराया नालों की सफाई अभियान

काशीपुर। मानसून की दस्तक के साथ ही नगर निगम ने संभावित जलभराव की समस्या से निपटने के लिए तैयारियां तेज कर दी हैं। महापौर दीपक बाली के निर्देशन में नगर क्षेत्र में जलनिकासी व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। बारिश के बाद महाराणा प्रताप चौक पर जलभराव की स्थिति बनने पर नगर निगम की टीम जेसीबी मशीन के साथ मौके पर पहुंची और मुख्य नाले की तली तक सफाई कर पानी की निकासी सुनिश्चित कराई।

नगर निगम के सेनेट्री इंस्पेक्टर गणेश ध्यानी ने बताया कि महाराणा प्रताप चौक के अलावा मानपुर रोड स्थित पॉलीटेक्निक के पास गेबिया नाले से जुड़े अन्य नालों की भी विशेष सफाई कराई जा रही है। इसके साथ ही रेलवे स्टेशन रोड स्थित मालगोदाम क्षेत्र के नालों से गाद और कचरा हटाने का अभियान भी चलाया गया है, ताकि आगामी बारिश के दौरान जलभराव की स्थिति उत्पन्न न हो।

महापौर दीपक बाली ने कहा कि नगर क्षेत्र में जलनिकासी व्यवस्था को बेहतर बनाना नगर निगम की प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से बड़े नालों के साथ-साथ छोटे नालों की भी नियमित सफाई कराई जा रही है। उनका लक्ष्य है कि काशीपुर में वर्षा के दौरान कहीं भी जलभराव की समस्या न हो और नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। इसके लिए नगर निगम की टीमें लगातार विभिन्न क्षेत्रों में सफाई और जलनिकासी व्यवस्था को सुचारु बनाने में जुटी हुई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *