तेज रफ्तार कार की टक्कर से गर्भवती गाय की मौत, हादसा सीसीटीवी में कैद

काशीपुर। नगर के कटरा ताल स्थित आई हॉस्पिटल के समीप सोमवार देर रात तेज रफ्तार कार की टक्कर से एक गर्भवती गाय की मौत हो गई। हादसा आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गया है।

जानकारी के अनुसार, सड़क के दोनों ओर मवेशी बैठे हुए थे। इसी दौरान खान मेडिकल स्टोर की ओर से तेज गति से आ रही एक कार ने सड़क पर बैठी गर्भवती गाय को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि गाय ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया।

मंगलवार सुबह स्थानीय लोगों ने सड़क पर गाय का शव पड़ा देखा और उसके मालिक को सूचना दी। मौके पर पहुंचे गाय मालिक ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी, जिसमें पूरी घटना स्पष्ट दिखाई दी।

घटना के बाद क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कई पशुपालक रात के समय अपने मवेशियों को खुले में छोड़ देते हैं, जिससे सड़क दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। वहीं आई हॉस्पिटल रोड पर सड़क किनारे बड़ी संख्या में वाहनों के खड़े रहने से मार्ग संकरा हो जाता है, जिससे हादसों की आशंका और बढ़ जाती है। लोगों ने प्रशासन से आवारा और खुले में घूमने वाले मवेशियों की व्यवस्था करने तथा सड़क किनारे अवैध पार्किंग पर प्रभावी कार्रवाई की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *