मयूर दीक्षित की अध्यक्षता में सोमवार को जिला कार्यालय सभागार में आयोजित जनसुनवाई कार्यक्रम में विभिन्न विभागों से जुड़ी 72 शिकायतें दर्ज की गईं। इनमें से 38 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया, जबकि शेष मामलों को संबंधित विभागों को भेजा गया।
जनसुनवाई में भूमि विवाद, अतिक्रमण, पेयजल, जलभराव, सड़क क्षति, राशन कार्ड और आवास योजना से जुड़ी समस्याएं प्रमुख रहीं। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी शिकायतों का समयबद्ध और संवेदनशीलता के साथ निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में सीएम हेल्पलाइन पर लंबित शिकायतों की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने 36 दिन से अधिक लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए। समीक्षा में एल-1 स्तर पर 557 और एल-2 स्तर पर 134 शिकायतें लंबित पाई गईं।