हरिद्वार। चारधाम यात्रा और आगामी कांवड़ यात्रा को देखते हुए सीवरेज कार्य के लिए खोदी गई सड़कों की मरम्मत का कार्य तेज कर दिया गया है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर उत्तराखंड पेयजल निगम की निर्माण एवं अनुरक्षण इकाई दिन-रात सड़क पुनर्निर्माण कार्य में जुटी हुई है।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों और कार्यदायी संस्था को निर्देश दिए हैं कि यात्रा मार्गों पर सीवरेज कार्य के कारण खोदी गई सभी सड़कों की मरम्मत जल्द से जल्द पूरी की जाए, ताकि स्थानीय लोगों, व्यापारियों और तीर्थयात्रियों को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो।
परियोजना प्रबंधक मीनाक्षी मित्तल ने बताया कि केएफडब्ल्यू वित्तपोषित हरिद्वार जलोत्सारण योजना के पैकेज-01 और पैकेज-02 के तहत सड़क पुनर्निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। 26 जून को पैकेज-01 में इंडस्ट्रियल एरिया स्थित सीसी रोड पर 70 मीटर तथा पैकेज-02 में मोहन एंक्लेव, रतन वाटिका, आदर्श नगर, करम विहार, शिवपुरम कॉलोनी और भगवतीपुरम सहित विभिन्न क्षेत्रों में कुल 155 मीटर सड़क निर्माण कार्य पूरा किया गया। इस प्रकार एक दिन में कुल 255 मीटर सड़क पुनर्निर्माण कार्य पूर्ण किया गया। निर्माण कार्य लगातार दिन-रात जारी है।