हरिद्वार। अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) वैभव गुप्ता की अध्यक्षता में शुक्रवार को जिला कार्यालय सभागार में एनसीओआरडी (NCORD) समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने, नशा मुक्ति एवं पुनर्वास केंद्रों की मॉनिटरिंग तथा जनजागरूकता अभियान की समीक्षा की गई।
बैठक में बताया गया कि वर्ष 2026 में एनडीपीएस अधिनियम के तहत कई मामलों में कार्रवाई करते हुए हेरोइन (स्मैक), चरस, गांजा और प्रतिबंधित दवाइयां बरामद की गई हैं। अधिकारियों को संभावित क्लैंडेस्टाइन लैब पर लगातार निगरानी रखने तथा प्रतिबंधित दवाओं की अवैध बिक्री रोकने के लिए नियमित निरीक्षण और सघन चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश दिए गए।
इसके अलावा सीबीएसई, आईसीएसई समेत सभी स्कूलों और कॉलेजों में नशे के दुष्प्रभावों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने तथा ग्राम पंचायतों, शहरी क्षेत्रों और सार्वजनिक स्थलों पर “नशा मुक्त भारत अभियान” के तहत व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में एसपी ट्रैफिक निशा यादव, सीओ सदर संजय शर्मा, ड्रग इंस्पेक्टर हरीश सिंह सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।