कांवड़ यात्रा से पहले टूटी सड़कें और गड्ढे भरने की मांग, सुनील सेठी ने डीएम को सौंपा ज्ञापन

हरिद्वार। कांवड़ यात्रा से पहले शहर की जर्जर सड़कों, बड़े-बड़े गड्ढों और कीचड़ से आमजन को हो रही परेशानी को लेकर राष्ट्रीय पंजाबी महासभा के प्रदेश अध्यक्ष एवं महानगर व्यापार मंडल के जिला अध्यक्ष सुनील सेठी ने साथियों के साथ जिलाधिकारी मयूर दीक्षित को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने कांवड़ मेले के दौरान स्थानीय जनता की सुविधा के लिए हिल बाईपास मार्ग को पूरे मेले तक खोलने की भी मांग की।

सुनील सेठी ने कहा कि हरिद्वार से अपर रोड, कनखल, भीमगोड़ा और जगजीतपुर तक सीवर कार्यों के बाद सड़कें बदहाल हो गई हैं। जगह-जगह बने गड्ढे और कीचड़ राहगीरों, स्कूली बच्चों व वाहन चालकों के लिए हादसों का कारण बन रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि हाल ही में बनी कुछ सड़कें पहली ही बारिश में धंसने लगी हैं, जिससे निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर सवाल खड़े हो रहे हैं। उन्होंने पूरे मामले की जांच कराने और कांवड़ यात्रा से पहले सभी क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत कराने की मांग की।

ज्वालापुर मंडल अध्यक्ष एवं पार्षद हरविंद्र सिंह ने कहा कि सड़क निर्माण में हो रही देरी के लिए संबंधित विभागों की लापरवाही जिम्मेदार है। उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) के अधीन बाहरी हाईवे की खराब स्थिति को भी जल्द दुरुस्त कराने की मांग उठाई।

ज्ञापन सौंपने के दौरान अर्पण ग्रोवर, अजय अनेजा, सोनू चौधरी, प्रीत कमल और राकेश सिंह सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *