हरिद्वार। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को प्रेमनगर आश्रम में पूज्य मोरारी बापू की श्रीराम कथा के समापन समारोह में कहा कि उत्तराखंड को विश्व की आध्यात्मिक राजधानी बनाने की दिशा में सरकार तेजी से कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि संतों का मार्गदर्शन और सनातन संस्कृति के आदर्श समाज को नई दिशा देने का कार्य कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आज जब दुनिया युद्ध, हिंसा और आतंकवाद जैसी चुनौतियों से जूझ रही है, तब भारतीय सनातन संस्कृति का “वसुधैव कुटुम्बकम्” का संदेश पूरी मानवता के लिए मार्गदर्शक है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार केदारखंड-मानसखंड मंदिर माला मिशन, हरिद्वार-ऋषिकेश कॉरिडोर, शारदा कॉरिडोर और प्राचीन मंदिरों के संरक्षण एवं सौंदर्यीकरण पर तेजी से काम कर रही है।
धामी ने बताया कि इस वर्ष चारधाम यात्रा में दो माह के भीतर 45 लाख से अधिक श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं। वहीं हेमकुंड साहिब यात्रा में डेढ़ लाख से अधिक श्रद्धालु मत्था टेक चुके हैं और कैलाश मानसरोवर यात्रा में 5500 से अधिक श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं। उन्होंने कहा कि बेहतर आधारभूत सुविधाओं और सुरक्षित यात्रा प्रबंधन के कारण धार्मिक पर्यटन को नई गति मिली है।
मुख्यमंत्री ने कुंभ 2027 को दिव्य, भव्य और सुरक्षित बनाने का संकल्प दोहराते हुए कहा कि यह केवल आस्था का नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता और सनातन संस्कृति का महापर्व है। उन्होंने श्रद्धालुओं से भगवान श्रीराम के आदर्शों को जीवन में अपनाने का आह्वान किया।
जनपद आगमन पर गुरुकुल कांगड़ी हेलीपैड पर जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर और भाजपा कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया। कार्यक्रम में स्वामी चिदानंद सरस्वती, जिला पंचायत अध्यक्ष किरण चौधरी, पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वामी यतीश्वरानंद सहित अनेक जनप्रतिनिधि और श्रद्धालु मौजूद रहे।