डीएम मयूर दीक्षित के निर्देश पर दिन-रात चल रहा निर्माण कार्य, यात्रियों और स्थानीय लोगों को मिलेगी राहत

हरिद्वार। चारधाम यात्रा और आगामी कांवड़ यात्रा को देखते हुए सीवरेज कार्य के लिए खोदी गई सड़कों की मरम्मत का काम तेज कर दिया गया है। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर उत्तराखंड पेयजल निगम की निर्माण एवं अनुरक्षण इकाई दिन-रात निर्माण कार्य कर रही है, ताकि स्थानीय लोगों, व्यापारियों और श्रद्धालुओं को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी न हो।

जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों और ठेकेदारों को निर्देश दिए हैं कि सीवरेज कार्य के कारण खोदी गई सभी सड़कों की मरम्मत यात्रा शुरू होने से पहले हर हाल में पूरी की जाए। इसके अनुपालन में विभिन्न स्थानों पर तेजी से निर्माण कार्य कराया जा रहा है।

परियोजना प्रबंधक निर्माण एवं अनुरक्षण इकाई गंगा, उत्तराखंड पेयजल निगम मिनाक्षी मित्तल ने बताया कि केएफडब्ल्यू वित्त पोषित हरिद्वार जलोत्सारण योजना के तहत पैकेज-1 में सूरजपुर कॉलोनी में एम-30 कंक्रीट का 15.60 मीटर कार्य पूरा कर लिया गया है। वहीं पैकेज-2 में लोक सेवा आयोग सीसी रोड पर 20 मीटर तथा श्रीराम विहार में 15 मीटर पेवर ब्लॉक का कार्य पूरा किया गया है। इस प्रकार दोनों पैकेजों में कुल 50.60 मीटर सड़क निर्माण कार्य पूर्ण हो चुका है।

उन्होंने बताया कि जिलाधिकारी के निर्देशों के अनुरूप शेष सड़कों की मरम्मत भी युद्धस्तर पर दिन-रात कराई जा रही है, जिससे चारधाम और कांवड़ यात्रा के दौरान यातायात सुचारु बना रहे और श्रद्धालुओं सहित स्थानीय नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *